बारिश से पहले नालों की सफाई अभियान तेज: रेलवे बाईपास नाले से हटाई गई गंदगी और खरपतवार

बीना: आगामी मानसून को देखते हुए नगर पालिका ने गांधी वार्ड में नालों की सफाई का अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को जेसीबी मशीन की मदद से रेलवे बाईपास स्थित प्रमुख नाले की सफाई की गई। इस सफाई कार्य में नाले में जमा गंदगी, मिट्टी और खरपतवार को बाहर निकालकर जल निकासी की क्षमता बढ़ाई गई।

जानकारी के अनुसार, वार्ड पार्षद भारती राय ने कुछ दिन पहले सफाई मुकदम के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में पाया गया कि कई स्थानों पर नालों में गंदगी और खरपतवार जमा हैं, जिससे बारिश के समय जल निकासी प्रभावित हो सकती है। इसके बाद पार्षद राय ने नगर पालिका सीएमओ से शीघ्र सफाई कराने की मांग की थी।

पार्षद भारती राय ने बताया कि रेलवे बाईपास स्थित नाले में गंदगी और खरपतवार जमा होने के कारण जागेश्वरी कॉलोनी की गली नंबर 6 से गली नंबर 1 तक पानी निकासी में समस्या आ रही थी। इस स्थिति को सुधारने के लिए नाले की सफाई कराई गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि नाले की सफाई से पानी की निकासी बेहतर होगी और जलभराव की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।

डॉ. प्रियंक अग्रवाल ने पार्षद से चर्चा करते हुए कहा कि समय पर नाले की सफाई होने से बारिश का पानी अस्पताल परिसर और आसपास जमा नहीं होगा। स्थानीय रहवासियों ने नाले की सफाई पर संतोष व्यक्त करते हुए नगर पालिका से नियमित रूप से सफाई कार्य जारी रखने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय पर सफाई होने से बारिश के मौसम में जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी।

नगर पालिका द्वारा अन्य नालों की भी चरणबद्ध तरीके से सफाई कराई जा रही है ताकि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।