जनसुनवाई में गूंजा वार्ड 10 का मुद्दा, मूलभूत सुविधाओं के अभाव पर वार्डवासियों ने कलेक्टर से लगाई गुहार
उमरिया। नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 10 (चरण गंगा वार्ड) के रहवासियों ने कलेक्टर उमरिया को जनसुनवाई आवेदन सौंपकर क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों की कमी का मुद्दा उठाया है। वार्डवासियों का आरोप है कि नगर परिषद के गठन के लगभग चार वर्ष बीत जाने के बाद भी क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं कराए गए हैं, जिससे सैकड़ों परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।
आवेदन में बताया गया है कि वार्ड के हरिजन एवं आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में रहने वाले करीब 100 परिवारों को दैनिक आवश्यकताओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। बरसात के दिनों में बड़हा नाला पर पुल न होने के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। वार्डवासियों ने नाले पर स्टॉप डैम सहित पुल निर्माण की मांग की है, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके।
इसके अलावा बरसापुर, करहियाटोला एवं मैनाहा क्षेत्र में विद्युत विस्तार कर नए ट्रांसफार्मर लगाने, नल-जल योजना की पाइपलाइन में सुधार कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा चरण गंगा नदी स्थित झिरिया नाला पर छोटी पुलिया निर्माण की मांग भी उठाई गई है।
जनसुनवाई आवेदन में तलेया टोला में सामुदायिक भवन निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा गया है कि सामाजिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थानीय लोगों को पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं है।
वार्डवासियों ने कहा कि वे नियमित रूप से कर एवं शुल्क जमा करते हैं, इसके बावजूद क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कलेक्टर से जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है।
मुख्य मांगें
बड़हा नाला पर स्टॉप डैम सहित पुल निर्माण।
विद्युत लाइन विस्तार एवं नए ट्रांसफार्मर की स्थापना।
नल-जल योजना की खामियों को दूर कर नियमित पेयजल आपूर्ति।
झिरिया नाला पर पुलिया निर्माण।
तलेया टोला में सामुदायिक भवन का निर्माण।
जनसुनवाई में प्रस्तुत इस आवेदन के बाद अब क्षेत्रवासियों को प्रशासनिक कार्रवाई और विकास कार्यों की शुरुआत का इंतजार है।
Comments (0)