सावन की रिमझिम बारिश में डूबी रात, चारों ओर फैली हरियाली और प्रकृति की अद्भुत छटा के बीच बांधवगढ़ नेशनल पार्क में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पारसी ताला गेट क्षेत्र में बाघ बजरंग को बाघिन रां और उसके शावकों के साथ सड़क पार करते देखा गया। यह दुर्लभ और मनमोहक क्षण वन्यजीव फोटोग्राफर चेतक घारपुरे के कैमरे में कैद हो गया।
सावन की भीगी रात में बाघ का पूरे शाही अंदाज़ में सड़क पार करना किसी अलौकिक दृश्य से कम नहीं था। हल्की बारिश, घने जंगल का शांत वातावरण, और हेडलाइट की रोशनी में उभरती बाघों की आकृतियाँ इस पल को और भी रोमांचकारी बना रही थीं। कुछ क्षणों के लिए मानो पूरा जंगल थम गया और प्रकृति ने अपनी सबसे सुंदर झलक प्रस्तुत कर दी।
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, बाघ का अपने शावकों के साथ इस तरह खुले क्षेत्र में दिखाई देना अत्यंत दुर्लभ अवसर होता है। यह दृश्य न केवल बांधवगढ़ के समृद्ध वन्यजीवन का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि यहां का प्राकृतिक आवास बाघों के लिए सुरक्षित और अनुकूल बना हुआ है।
फोटोग्राफर चेतक घारपुरे द्वारा कैमरे में कैद की गई ये तस्वीरें और वीडियो अब वन्यजीव प्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
सावन की इस अविस्मरणीय रात ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बांधवगढ़ नेशनल पार्क केवल बाघों का घर ही नहीं, बल्कि प्रकृति के अद्भुत और अलौकिक अनुभवों का भी अनमोल खजाना है।
Continue With Google
Comments (0)