नर्मदापुरम
अनाज के दानों से ब्रिक्स राष्ट्राध्यक्षों की तस्वीरें
नर्मदापुरम के किसान कलाकार योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी की अनोखी कला, कृषि संस्कृति का दिया संदेश
नर्मदापुरम। ग्राम सुपरली के कृषक कलाकार योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी ने नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स सम्मेलन में पहुंचे विदेशी राष्ट्राध्यक्षों एवं प्रमुख अतिथियों की अनाज के दानों से आकर्षक तस्वीरें तैयार की हैं।
इन कलाकृतियों में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सीसी, सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान और यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के चित्र शामिल हैं।
योगेंद्र सिंह ने रागी, बाजरा, राजगिरा, कोदो, कुटकी, धान, गेहूं, तिल और खसखस जैसे पारंपरिक अनाजों का उपयोग कर इन तस्वीरों को तैयार किया है। उनका उद्देश्य अनाज की महत्ता, किसानों की मेहनत और भारत की समृद्ध कृषि परंपरा को विश्व मंच तक पहुंचाना है।
कृषक कलाकार इन कलाकृतियों को संबंधित विदेशी दूतावासों को ई-मेल के माध्यम से भेजेंगे। उनका कहना है कि अनाज के दानों से बनी ये तस्वीरें भारत की धरती पर आए विदेशी मेहमानों के लिए भारतीय परंपरा और कृषि संस्कृति से जुड़ा अनोखा स्वागत संदेश हैं।
Continue With Google