सीवरेज काम में नहीं किया सुधार तो बड़वानी में बन सकती हैं भागीरथपुरा जैसी स्थिति ?
कांग्रेस जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष ने जताई चिंता, प्रेस वार्ता ली

बड़वानी -शहर में सीवरेज कार्य के चलते घरों के नलों में आ रहे गंदे पानी के मामले को लेकर जनहित में कांग्रेस लगातार नगर पालिका, सीवरेज निर्माण कंपनी और शासन के विरुद्ध विरोध दर्ज करा रही है। इस दौरान मुख्यालय पर कांग्रेस जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश निर्मल पहुंचे। उन्होंने यहां नलों में आ रहे गंदे पानी की समस्या देखते हुए कहा कि समय पर सीवरेज कार्य में सुधार नहीं किया तो भविष्य में बड़वानी में भागीरथपुरा जैसे हालात बन सकते हैं? इस दौरान उन्होंने प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अशोक गोले, नपा नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव और विधायक प्रतिनिधि विष्णु बनडे को निर्देश दिए कि वे आमजनों के साथ खड़े होकर इस समस्या का तत्काल निराकरण कराएं। निर्मल ने नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि समाधान नहीं हुआ तो जन समस्या निवारण प्रकोष्ठ बड़ा आंदोलन करेगा। प्रदेश उपाध्यक्ष ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि सीवरेज का दूषित पानी नलों से आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति इंदौर के भागीरथपुरा जैसी घटना को जन्म दे सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन पहले से मिल रही शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने निर्मल को बताया कि पिछले कुछ दिनों से पानी से बदबू आ रही थी, जिस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अब गंदा पानी आने से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

*नियम के विरुद्ध हो रहा सीवरेज काम*

नपा नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव और विधायक प्रतिनिधि विष्णु बनडे ने बताया कि सीवरेज कंपनी ने मुख्य पेयजल लाइन के पास ही नियम विरुद्ध तरीके से सीवरेज लाइन डाल दी है, जबकि नियम के अनुसार पेयजल लाइन के साथ सीवरेज पाइप नहीं डाले जा सकते। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।