शहडोल  रेलवे स्टेशन में मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। प्लेटफॉर्म नंबर-2 स्थित कैंटीन में कुछ असामाजिक तत्व कथित तौर पर नशे की हालत में घुस आए और कैंटीन संचालक के साथ मारपीट करते हुए सोने की चेन छीन ली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़ लिया। प्लेटफॉर्म पर बिना टिकट घूमने के आरोप में प्रत्येक पर 1500-1500 रुपये का जुर्माना लगाया गया और बाद में उन्हें जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जीआरपी द्वारा आरोपियों को छोड़ दिया गया, जिससे नाराज कैंटीन संचालक नंदलाल सिंह ने पूरे मामले की नामजद शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है