चांदपुर हॉस्टल में 11वीं के छात्र की मौत से हड़कंप...
जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने जांच कर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्यवाही की मांग की
प्रेम गुप्ता
चांदपुर। चांदपुर स्थित छात्रावास में कक्षा 11वीं के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक छात्र की पहचान डूंगर गांव निवासी धुमेश इडल सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद छात्रावास सहित क्षेत्र में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही जोबट विधायक सेना महेश पटेल मौके पर पहुंचीं। उनके साथ भाजपा नेता भदू पचाया ने भी छात्रावास पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों तथा छात्रावास प्रबंधन से घटना की जानकारी ली।
छात्रावास के अधीक्षक रमेश भिंडे हैं। बताया जा रहा है कि छात्र द्वारा एक सुसाइड नोट भी लिखा गया है, जिसके सामने आने के बाद मामले की जांच और भी महत्वपूर्ण हो गई है। हालांकि, सुसाइड नोट में क्या लिखा है और छात्र की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या रहे, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
विधायक सेना महेश पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कारण सामने लाने तथा छात्रावास में रह रहे अन्य विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
एक छात्र की असमय मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच एजेंसियों की पड़ताल के बाद ही मौत की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
Continue With Google
Comments (0)