नर्मदापुरम
कड़ा माणिकपुरी जिझौतिया ब्राह्मण समाज ने 125 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का किया सम्मान
सम्मान से बढ़ता है प्रतिभाओं का आत्मविश्वास, आगे बढ़ने की मिलती है प्रेरणा : प्रो. सदाशिव द्विवेदी
नर्मदापुरम। नर्मदापुरम में रविवार को प्रदेश स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह एवं युवा समागम-2026 का आयोजन साईं कृष्णा हिल व्यू रिसॉर्ट में किया गया। मध्यप्रदेश कड़ा माणिकपुरी जिझौतिया ब्राह्मण समाज एवं आपदा अक्षय कोष प्रबंधन समिति (मप्र/छग) द्वारा आयोजित समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के 125 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, युवाओं को रचनात्मक दिशा देना और सामाजिक एकता को मजबूत करना रहा। समारोह में इटारसी, सोहागपुर, पिपरिया, खंडवा, इंदौर, भोपाल, देवास सहित विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में समाजजन, युवा, मातृशक्ति एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
मुख्य अतिथि बीएचयू के संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. सदाशिव कुमार द्विवेदी, समाज के जिला अध्यक्ष नरेंद्र तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला, पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा, डॉ. विनय दुबे, हेमंत दुबे, राजीव दीवान, कैलाश दुबे सहित अन्य अतिथियों ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
अंक लाना और जीवन में सफल होना अलग बात
मुख्य अतिथि प्रो. सदाशिव द्विवेदी ने कहा कि सम्मान से प्रतिभाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। केवल अच्छे अंक लाना और जीवन में सफल होना अलग-अलग बातें हैं। धैर्य, नेतृत्व क्षमता और विनम्रता व्यक्ति को वास्तविक सम्मान दिलाती हैं। उन्होंने युवाओं से अहंकार छोड़कर राष्ट्र, समाज और परिवार के हित में कार्य करने का आह्वान किया।
सितंबर में होगा शिक्षक सम्मान समारोह
पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा ने घोषणा की कि शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से सेवाएं देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपना जीवन शिक्षा और विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में समर्पित करने वाले सेवानिवृत्त एवं 65 वर्ष से अधिक आयु के शिक्षकों का सम्मान किया जाएगा। यह शिक्षक सम्मान समारोह सितंबर में इटारसी में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में संयोजक रवि दुबे, अशोक दुबे, संतोष दीवान, संतोष दुबे, शैलेन्द्र दुबे, आलोक दीक्षित, संदीप तिवारी, रजत दुबे, सीमा दुबे, यश दुबे सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)