आलोट। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रतलाम जिले के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने आलोट पहुंचकर ताजिया रूट का निरीक्षण किया तथा नगर के संवेदनशील क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मोहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने ताजिया मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने आलोट थाना का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान लंबित अपराधों, फरार आरोपियों एवं स्थाई वारंटियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के हवालात, रिकॉर्ड रूम, शस्त्रागार, मालखाना एवं ड्यूटी रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की। साथ ही ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए एफआईआर, शिकायतों एवं विभिन्न रजिस्टरों का भी अवलोकन किया।
इस दौरान ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल, जावरा एसडीओपी संदीप कुमार मालवीय, आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर, आलोट थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम एवं ताल थाना प्रभारी स्वराज सिंह डाबी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन की इस सक्रियता को देखते हुए आमजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वास बढ़ा है।
Continue With Google
Comments (0)