आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का टीकमगढ़ दौरा, रेलवे ओवरब्रिज का शुभारंभ, खरगापुर के नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का होगा वर्चुअल लोकार्पण
टीकमगढ़ | दित्यपाल राजपूत
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज टीकमगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर लगभग 3 बजे टीकमगढ़ पहुंचेंगे, जहां वे अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत निर्मित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का शुभारंभ करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री खरगापुर में लगभग ₹8.75 करोड़ की लागत से निर्मित नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का वर्चुअल लोकार्पण भी करेंगे। इस स्वास्थ्य केंद्र के प्रारंभ होने से खरगापुर एवं आसपास के क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात नियंत्रण, पेयजल, बैठक व्यवस्था सहित सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। साथ ही, संभावना जताई जा रही है कि वे टीकमगढ़ जिले को कई करोड़ रुपये की अतिरिक्त विकास परियोजनाओं की सौगात भी दे सकते हैं।
Continue With Google
Comments (0)