रायसेन। भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर दीवानगंज में स्कूल के पास रविवार को बियर से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब पांच फीट गहरी खंती में जाकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदी किंगफिशर बियर की पेटियां मौके पर बिखर गईं, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही दीवानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि ट्रक मक्सी से छतरपुर की ओर जा रहा था। हादसे के बाद ट्रक चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। ट्रक के खाई में पलटने से सड़क किनारे काफी दूरी तक सामान बिखरा रहा। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक-क्लीनर की तलाश की जा रही है।