सांची। विश्व धरोहर स्थल सांची स्थित महाबोधि सोसायटी में प्रख्यात पुरातत्वविद पद्मश्री डॉ. नारायण व्यास के सम्मान में भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में इतिहास प्रेमियों, शोधार्थियों, शिक्षाविदों और प्रबुद्ध नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। समारोह का संयुक्त आयोजन इतिहास संकलन समिति जिला रायसेन और विदिशा की विरासत संस्था द्वारा किया गया, जबकि इतिहास संकलन समिति मध्य भारत प्रांत भोपाल का मार्गदर्शन रहा। वक्ताओं ने भारतीय इतिहास, संस्कृति और पुरातत्व के क्षेत्र में डॉ. व्यास के उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. व्यास ने प्राचीन धरोहरों के संरक्षण और नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया है। पद्मश्री सम्मान को क्षेत्र और प्रदेश के लिए गौरव बताया गया। अतिथियों ने पुष्पगुच्छ, शॉल और श्रीफल भेंट कर डॉ. व्यास का आत्मीय अभिनंदन किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी का आभार व्यक्त किया।