आलोट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बाद ताल थाना क्षेत्र में बहने वाली चंबल नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया कि असावती - ताल जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह पानी में डूब गया। पुलिया के ऊपर तेज बहाव के साथ बहते पानी ने रास्ते को खतरनाक बना दिया है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि खतरे के बावजूद लोग अब भी अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करने से बाज नहीं आ रहे।

शनिवार को सामने आए दृश्य ने हर किसी को झकझोर दिया। उफनती नदी के बीच लोग बहाव को चुनौती देते हुए निकलते दिखाई दिए। कुछ लोग बाइक लेकर तो कुछ पैदल ही पानी के बीच से गुजरते नजर आए। नदी का तेज बहाव देखकर ऐसा लग रहा था मानो एक छोटी सी चूक सीधे मौत के मुंह तक पहुंचा सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में यह रास्ता बंद हो जाता है, लेकिन कई लोग जल्दबाजी और लापरवाही में अपनी जिंदगी दांव पर लगा देते हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

प्रशासन द्वारा भी लोगों से अपील की गई है कि उफनती नदी और डूबे हुए रास्तों को पार करने का प्रयास न करें। बारिश के इस मौसम में एक गलती पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है।

चंबल इस वक्त सिर्फ बह नहीं रही… चेतावनी भी दे रही है।