नर्मदापुरम
त्यौहारों से पहले नगर में विशेष स्वच्छता अभियान तेज, छात्रावास के पास से हटाया कचरे का ढेर
नर्मदापुरम्। आगामी त्यौहारों को देखते हुए नगर पालिका ने विशेष स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत बालागंज स्थित छात्रावास के पास लंबे समय से जमा कचरे के ढेर को पूरी तरह हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया। इसके बाद वहां सूचना पटल लगाकर दोबारा गंदगी फैलाने वालों को चेतावनी भी दी गई है।
स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी ने बताया कि नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के निर्देशन में पूरे नगर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत संवेदनशील स्थानों की लगातार सफाई कराई जा रही है और स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी भी की जा रही है।
नगर पालिका की टीम ने स्थानीय नागरिकों को समझाइश देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि घरों का कचरा केवल नगर पालिका के कचरा वाहन में ही डालें और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने में अपना सहयोग दें।
नगर पालिका ने नागरिकों से आग्रह किया है कि त्यौहारों के दौरान स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। जनसहयोग से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ नगर का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
Continue With Google
Comments (0)