चाटलेश्वर से निकली कांवड़, गूंजे हर-हर महादेव… शिवभक्ति में डूबा कट्ठीवाड़ा
 

प्राकृतिक जल लेकर सैकड़ों कांवड़ियों ने तय किया भक्तिमय सफर, डीजे की धुन पर झूमे श्रद्धालु; धनारमाता शिव मंदिर में महाआरती के साथ हुआ समापन

प्रेम गुप्ता
 

कट्ठीवाड़ा। श्रावण मास की शिवभक्ति से सराबोर कट्ठीवाड़ा में गुरुवार को आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हिन्द रक्षक संस्था के तत्वावधान में आयोजित कांवड़ यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु कांवड़ लेकर भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए। यात्रा के दौरान गूंजते हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण शिवमय हो उठा।
यात्रा का शुभारंभ चाटलिया पानी स्थित चाटलेश्वर महादेव मंदिर से हुआ। श्रद्धालुओं ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और यहां के शुद्ध प्राकृतिक जल को कांवड़ में लेकर यात्रा प्रारंभ की। हाथों में कांवड़ और जुबां पर भोलेनाथ के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
डीजे की धुन पर झूमे कांवड़िये
यात्रा में डीजे पर बज रहे भगवान शिव के भजनों ने माहौल को और भक्तिमय बना दिया। शिवभक्ति में डूबे कांवड़िये भजनों की धुन पर झूमते हुए आगे बढ़ते रहे। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में कांवड़ यात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह नागरिकों ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया।
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने निभाई सहभागिता
आयोजन में दिलीप चौहान, जयराज जादव, अविनाश सोलंकी, कुलदीप जादव, महेंद्र गुड़ु बामनिया, अशोक तड़वी, सीमा सोलंकी, विनीत बामनिया और वंदना बामनिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने अनुशासन और उत्साह के साथ सहभागिता की।
महाआरती के साथ हुआ समापन
चाटलेश्वर महादेव से प्रारंभ हुई कांवड़ यात्रा का समापन धनारमाता मंदिर स्थित शिव मंदिर में हुआ। यहां कांवड़ियों द्वारा लाए गए पवित्र प्राकृतिक जल से भगवान शिव का पूजन किया गया। इसके बाद विधिवत महाआरती हुई और श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
हिन्द रक्षक संस्था द्वारा श्रावण मास में प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र में धर्म, आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बन चुकी है। इस वर्ष भी यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब भगवान शिव के प्रति लोगों की गहरी आस्था और भक्ति को दर्शाता नजर
आया।