बुधनी में नो-एंट्री पर प्रशासन सख्त, भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी रोक
बुधनी। नगर में भारी और ओवरलोड वाहनों के प्रवेश को लेकर प्रशासन ने आखिरकार सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। कुछ दिन पूर्व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दिनेश तोमर द्वारा सुबह 9 बजे से रात्रि 10 बजे तक नगर सीमा में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन शुरुआती दिनों में इस आदेश का प्रभावी पालन नहीं हो पा रहा था।
इन दिनों माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। परीक्षा केंद्रों पर छोटे-छोटे बच्चों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावकों की आवाजाही के कारण मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति बन रही थी। विशेष रूप से परीक्षा केंद्रों के सामने यातायात बाधित हो रहा था, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। इस गंभीर स्थिति को स्टेट न्यूज ए आई द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किया गया।
समाचार के बाद सोमवार को प्रशासन हरकत में आया और नगर के प्रमुख प्रवेश बिंदुओं — गड़रिया नाला, नर्मदा ब्रिज एवं रेहटी चौराहा — पर पुलिस बल तैनात कर बेरिकेट्स लगाए गए। यहां सुबह 9 बजे से रात्रि 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतः रोक सुनिश्चित की गई। पुलिस द्वारा आदेश का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।
प्रशासन की इस कार्रवाई का सकारात्मक असर भी दिखाई दिया। सोमवार को नगर में भारी वाहनों की आवाजाही थमने से आम नागरिकों, अभिभावकों और छोटे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। परीक्षा अवधि के दौरान इस व्यवस्था से न केवल यातायात सुचारू रहेगा, बल्कि संभावित दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
नगरवासियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए अपेक्षा जताई है कि परीक्षा काल के साथ-साथ भविष्य में भी यातायात व्यवस्था को लेकर ऐसी सख्ती निरंतर बनी रहे।