कट्ठीवाड़ा में निकला भव्य मिलाद जुलूस, समाजजनों ने पुलिस जवानों और अतिथियों का किया सम्मान
कट्ठीवाड़ा । प्रेम गुप्ता। हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर कठिवाड़ा में मिलाद-उन-नबी का पर्व श्रद्धा, उत्साह और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस मौके पर नगर में निकले भव्य जुलूस ने सामाजिक एकता और सौहार्द की सुंदर तस्वीर पेश की।
जुलूस का शुभारंभ बिरसा मुंडा चौक से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ हवेली खेड़ा पहुंचा। जहां धार्मिक कार्यक्रमों के साथ जुलूस का समापन किया गया। पूरे मार्ग में समाजजनों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा अल्पाहार और जलपान की व्यवस्था की गई थी।
जुलूस के दौरान धार्मिक नारों के साथ शांति और सद्भाव का संदेश दिया गया। नगर में विशेष सजावट और रोशनी आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर जुलूस में शामिल वरिष्ठ समाजजन सैयद नजमुद्दीन बाबा, अल्ताफ बाबा, अदनान बाबा, शाहबुद्दीन शेख, हाजी मुस्ताक पठान, हाजी दिलावर खान, नजर मोहम्मद शेख, मोहम्मद मंसूरी, जाकिर शेख सहित अनेक लोगों का सम्मान किया गया।
कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन का भी समाज की ओर से सम्मान किया गया। पुलिस जवानों को फूलमाला पहनाकर उनके सेवा भाव के प्रति आभार जताया गया। इस दौरान मोईन शेख, शकील शेख, सरवर पठान, आकिब पठान, दानिश शेख, अरबाज पठान सहित युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जुलूस के स्वागत में समाजसेवी पारसिंह बारिया और वरसिंह बारिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और उन्होंने जुलूस का स्वागत कर आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
थाना प्रभारी दिनेश सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस बल पूरे समय मुस्तैद रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
Continue With Google
Comments (0)