*खारिया फलिया में पेयजल संबंधित समस्या अधिकारयों द्वारा मौके पर जाकर किया गया निरीक्षण*
*आलीराजपुर,01 जून 2026।* कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने पेयजल से संबंधित पूर्व में प्रकाशित समाचार को तत्काल संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। इसी के परिपालन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री मेढा एवं जनपद पंचायत उदयगढ़ सीईओ द्वारा मौके पर टीम भेजकर निरीक्षण कर कलेक्टर को अवगत कराया गया जिसमें ग्राम पंचायत आम्बी के ग्राम छारवी स्थित खारिया फलिया के ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कुल पांच शासकीय हैंडपंप हैं, जिनमें से दो हैंडपंपों का पानी पीने योग्य है, दो हैंडपंपों का पानी खारा है तथा एक हैंडपंप सूख चुका है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में स्थित कुएं का पानी केवल नहाने और कपड़े धोने जैसे घरेलू कार्यों में उपयोग किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खुले गड्ढों अथवा कच्चे कुओं का पानी पीने के लिए उपयोग नहीं किया जाता है। चूंकि केवल दो हैंडपंपों से ही पेयजल उपलब्ध हो रहा है, इसलिए ग्रामीणों ने उनमें पाइप बढ़ाने की मांग अधिकारियों के समक्ष रखी।
इस दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को खुले गड्ढों एवं कच्चे कुओं का पानी पीने से बचने की समझाइश भी दी। ग्रामीणों ने खारिया फलिया में एक नए हैंडपंप के खनन की मांग भी रखी।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए खारिया फलिया स्थित हैंडपंप में पाइप बढ़ाने का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। विभाग ने आश्वस्त किया है कि ग्रामीणों को पर्याप्त एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत आम्बी के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, हल्का पटवारी तथा हैंडपंप मैकेनिक सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्टेट न्यूज़ रिपोर्टर मुस्तकीम मुगल

Continue With Google
Comments (0)