कट्ठीवाड़ा। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत, बुधवार को कन्या हाई स्कूल मैदान पर 51 जोड़े, परिणय सूत्र में बंध गए। कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने नशा मुक्ति की शपथ दिलवाई और स्थानीय विधायक सेना महेश पटेल ने नवयुगलों को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हजरी बाई, कलेक्टर, वरिष्ठ भाजपा नेता भदू पचाया भी उपस्थित थे।
जनपद पंचायत कट्ठीवाड़ा के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में 51 नवयुगलों को गायत्री परिवार के साधकों द्वारा विधि विधान से विवाह बंधन में बांध दिया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण उपस्थित थे।
इस अवसर पर केबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने नवयुगलों को नशा मुक्ति की शपथ दिलवाई। मंत्री चौहान ने कहा कि शासन, जनता के लिए विभिन्न योजनाएं चला रहा है, जिससे कि ग्रामीणों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाया जा सके। नशे, दहेज जैसी कुप्रथाओं के चलते ग्रामीण आजन्म कर्ज के जाल में फंसे रहते है।
विधायक सेना पटेल ने कहा कि जिन 51 युगलों का सामूहिक विवाह किया जा रहा है वे मिलकर अपने भविष्य को सुनहरा बनाएं, एक दूसरे के सहयोगी बनकर कदम से कदम मिलाकर अपने परिवार को हर तरह से सक्षम बनाएं। उन्होंने नवयुगलों को आने वाले भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दी।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि भरतराज सिंह, मंडल अध्यक्ष जयराज सिंह, गोहायडा बाबा, जनपद सीईओ गोपाल प्रजापति, जनरल चौहान, अशोक बारिया सहित कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।

Continue With Google
Comments (0)