मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। एक युवती ने मुस्लिम युवक नेक अली खान और उसके परिवार पर फर्जी पहचान बनाकर प्रेमजाल में फंसाने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, जबरन धर्म परिवर्तन कराने और 5 लाख रुपये में बेचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के मुताबिक, साल 2022 में उसकी मुलाकात फेसबुक पर अंकित नाम के युवक से हुई थी। बाद में उसे पता चला कि युवक का असली नाम नेक अली खान है और उसने हिंदू नाम से फर्जी आईडी बनाकर उससे दोस्ती की थी। युवती का आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया गया।

पीड़िता का यह भी दावा है कि महाराष्ट्र के कल्याण में एक मौलवी की मौजूदगी में उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और उसे गौमांस खाने के लिए भी मजबूर किया गया। इतना ही नहीं, उसने आरोप लगाया कि नेक अली खान और उसके पिता शौकत खान ने उसे 5 लाख रुपये में बेच दिया, किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर  जबलपुर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।

मामले को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने भी घमापुर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।