महिला बाल विकास मंत्री ने किया पीपीएल अंतर्गत जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ
-महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्षी दलों को लिया आड़े हाथ, युवाओं से खेलों में सहभागिता करने का आह्वान किया

बड़वानी। जिला पुलिस द्वारा शहर में पुलिस खेल महोत्सव अंतर्गत उत्साह नया खेले युवा 2026 के तहत शनिवार को महिला कबड्डी प्रतियोगिता हुई। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री निर्मला भूरिया ने उक्त प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। साथ ही स्पर्धा की ट्रॉफियों का अनावरण किया। इस दौरान पुलिस विभाग के कार्यक्रम में महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने पर विपक्षी दलों को जमकर आड़े हाथों लेकर महिला विरोधी करार दिया। 
दरअसल  युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एसपी पद्म विलोचन शुक्ल के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर इन दिनों पुलिस खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रह हैं।शनिवार को उक्त पुलिस प्रीमियर लीग के तहत कबड्डी प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। इस दौरान मंत्री भूरिया सहित भाजपा जिलाध्यक्ष  मौजूद रहे। एसपी व एएसपी ने अतिथियों को पौधे व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। मंत्री भूरिया ने बड़वानी एसपी द्वारा झाबुआ में रहते हुए चलाए गए विशेष थ्रीडी अभियान की सराहना की। वहीं मंच से संबोधित करते हुए महिला बालिका शिक्षा पर जोर दिया। 

मेधावी छात्राओं व प्रतिभाओं का किया सम्मान 

कार्यक्रम में मंंत्री भूरिया व अन्य अतिथियों ने शैक्षणिक और खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इसमें कक्षा 12वीं में प्रदेश में 7वां और जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा उमामा मंसूरी, कक्षा 10वीं में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा महक गोले को 10-10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। वहीं वेटलिफ्टिंग में 320 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता राष्ट्रीय खिलाड़ी सुनीता काग तथा हॉकी की राष्ट्रीय खिलाड़ी स्नेहा दाऊदे को ट्रैकसूट भेंट कर सम्मानित किया। 
बिन जूते मुकाबले में उतरी सदस्य, एक को लगी चोट 
पुलिस प्रीमियर लिग की प्रतियोगिता के दौरान अतिथियों ने सबसे पहले ट्रॉफी का अनावरण किया। इसके बाद टास  उछलकर मैच की शुरुआत कराई। पहला मैच बड़वानी व पाटी की टीमों के बीच खेला। इस दौरान एक टीम की सभी महिला खिलाड़ी बिन जूते मुकाबला करते नजर आई, जो चर्चा का विषय रहा। खेल स्पर्धा के दौरान स्वास्थ्य के मद्देनजर कोई टीम मौजूद नहीं रही। ऐसे में खेल के दौरान एक छात्रा की नाक पर चोट लगने पर 108 एंबुलेंस को बुलाना पड़ा। 
निर्भय रक्षा शक्ति वाहन किए रवाना 
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा निर्भय रक्षा शक्ति वाहन के रुप में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन शहर के स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। वहीं इस मौके पर पुलिस विभाग के बच्चों के लिए पुलिस समर कैंप का भी शुभारंभ हुआ। बता दें कि उक्त प्रतियोगिता में जिले के 16 थाना क्षेत्रों की 16 टीमें कबड्डी में अपना दम दिखा रही है। पहले दिन 8 मुकाबले खेले गए। इसमें जुलवानिया, पानसेमल व वरला की टीमों ने बेहतर प्रदर्शन कर सेमी फाइनल में प्रवेश किया। 20 अप्रैल को स्पर्धा का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। 

युवाओं को खेलों में भी आगे बढऩे का आह्वान
झामरिया स्थित शुभम पैलेस में हुए कार्यक्रम में मंत्री निर्मला भूरिया ने एसपी द्वारा जिले में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने जनजातीय क्षेत्र की खिलाड़ी साक्षी गोंड का उदाहरण देते हुए युवाओं को खेलों में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी रतन सिंह गुडिया, एसडीओपी बड़वानी महेश सुनैया, सेंधवा अजय वाघमारे, डीएसपी अजाक निलेश्वरी डावर, आरआई चेतन बघेल, सूबेदार रजनी भार्गव, उषा सिसोदिया, अलका वास्कले, कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, खेल विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि व नागरिक मौजूद रहे।