महुआखाड़ी में भव्य श्रीराम महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन

मुंगावली तहसील के महुआखाड़ी गांव में 24 अप्रैल, शुक्रवार से इक्कीस कुंडीय सप्तदिवसीय श्रीराम महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन प्रारंभ हो गया है। यह आयोजन श्री सिद्ध बाबा जी (सेमर वाले, महुआखाड़ी) के सान्निध्य में संपन्न किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में मोंगिया समाज महुआखाड़ी एवं क्षेत्रवासियों का विशेष सहयोग उल्लेखनीय है, जिससे पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है।

आयोजन की प्रमुख तिथियाँ:

  • 24 अप्रैल, शुक्रवार: श्री गणेश पूजन, कलश यात्रा, पीठ रचना एवं प्रायश्चित स्नान
  • 25 अप्रैल, शनिवार: मंडप प्रवेश, पीठ पूजन
  • 26 अप्रैल, रविवार: अग्निमंथन एवं हवन प्रारंभ
  • 30 अप्रैल, गुरुवार: पूर्णाहुति, प्रसाद वितरण एवं भंडारा

इस महायज्ञ के यज्ञकर्ता परम पूज्य श्री श्री 108 महंत श्री महागमंडलेश्वर श्री सीताराम दास जी महाराज (श्रीराम इच्छा कुटी, मुंगावली) हैं, जबकि यज्ञाचार्य के रूप में पंडित श्री रूपनारायण जी तिवारी (राधे-राधे महाराज) अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

आयोजन के दौरान संध्या वेला में संगीतमय श्रीराम कथा का भी आयोजन किया जाएगा। कथा वाचक पं. श्री श्रवण भार्गव जी महाराज (गुना वाले) भगवान श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों से श्रद्धालुओं को प्रेरित करेंगे। समापन दिवस पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा।

श्री रामकथा का गायन करते हुए कथाव्यास पं. श्री श्रवण भार्गव जी ने बताया कि "राम नाम" केवल एक शब्द नहीं है, बल्कि जीवन को बदलने वाली दिव्य शक्ति है। उन्होंने कहा, "कलियुग में यज्ञ, तप और कठिन साधनाएँ सबके लिए संभव नहीं, वहाँ राम नाम का जप सबसे आसान मार्ग है। राम नाम का स्मरण करने से मन को शांति और साहस मिलता है।"

यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का कार्य कर रहा है। समस्त क्षेत्रवासी बड़े उत्साहपूर्वक इसमें भाग ले रहे हैं।