माँ मन्कामनेश्वरी धाम में गूंजी आस्था, अच्छी वर्षा की कामना संग हुई भव्य उजावनी

विधायक सेना महेश पटेल व महेश पटेल ने परिवार और हजारों श्रद्धालुओं के साथ की पूजा-अर्चना, 108 सुंदरकांड पाठ व 108 चोले अर्पित

प्रेम गुप्ता

आलीराजपुर। जिले और क्षेत्र में भरपूर वर्षा, किसानों की समृद्धि तथा जनकल्याण की मंगलकामना को लेकर शनिवार को बोरखड़ स्थित माँ मन्कामनेश्वरी देवी मंदिर में भव्य उजावनी कार्यक्रम श्रद्धा और आस्था के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जोबट विधायक एवं अलीराजपुर नगर पालिका अध्यक्ष सेना महेश पटेल, आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने अपने परिवार तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और अच्छी वर्षा की प्रार्थना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से 108 सुंदरकांड पाठ किए। वहीं श्री हनुमानजी महाराज को 108 चोले अर्पित किए गए तथा माँ नर्मदा के पावन जल से भगवान शिव का विशेष जलाभिषेक किया गया। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठानों और जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि माँ मन्कामनेश्वरी के दरबार में आयोजित उजावनी केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि क्षेत्र में अच्छी वर्षा, किसानों की खुशहाली, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की सामूहिक प्रार्थना का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माँ मन्कामनेश्वरी, भगवान शिव और श्री हनुमानजी महाराज की कृपा से क्षेत्र में भरपूर वर्षा होगी तथा विकास और समृद्धि का मार्ग और अधिक सशक्त होगा।
कार्यक्रम के समापन पर महाआरती एवं प्रसादी वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आयोजन में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। अंत में महेश पटेल एवं विधायक सेना महेश पटेल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नगरपालिका कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की एकजुटता और माँ मन्कामनेश्वरी के प्रति अटूट आस्था ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बना दिया।