आफताब खान पथरिया
पथरिया नगर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्केट स्थित एक ज्वेलरी दुकान में एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर करीब 4 लाख रुपये कीमत के 2 किलो 950 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सबसे हैरानी की बात यह है कि इसी दुकान को छठवीं बार चोरों ने निशाना बनाया है, लेकिन पूर्व की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
दुकान संचालक मिट्ठू सराफ उर्फ प्रकाश चंद सराफ ने बताया कि गुरुवार रात करीब 8:15 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 6:45 बजे सामने स्थित होटल संचालक ने फोन कर दुकान की दीवार में छेद होने और बाहर गहनों के खाली डिब्बे पड़े होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर देखा तो दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और शोकेस में रखे चांदी के आभूषण गायब थे।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार चोर करीब 2 किलो 950 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। चोरी गए सामान में चांदी की थालियां, मुकुट, गिलास, कटोरियां, चम्मच, कंगन, मूर्तियां तथा करीब 100 चांदी की अंगूठियां शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस, एसडीओपी प्रिया सिंधी, थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दमोह से फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम तथा जबलपुर से डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
व्यापारियों का कहना है कि एक ही दुकान में लगातार छह बार चोरी की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पूर्व की चोरियों का खुलासा नहीं होने से व्यापारियों में आक्रोश और भय का माहौल है।
Continue With Google
Comments (0)