नर्मदापुरम 

नर्मदापुरम में अवैध शराब पर बड़ा प्रहार, 87 बल्क लीटर शराब के साथ वाहन जब्त
नर्मदापुरम, 6 जुलाई। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार तेज़ी से जारी है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर आबकारी विभाग ने रविवार को ग्राम बांद्राभान स्थित हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वाहन से 87 बल्क लीटर देसी मदिरा और बीयर बरामद की।
तलाशी के दौरान वाहन से 9 पेटियों में भरी अवैध शराब जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान वाहन को भी कब्जे में लिया गया। जब्त शराब और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.36 लाख रुपये आंकी गई है।
जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद द्विवेदी के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, परिवहन और संग्रहण के विरुद्ध अभियान लगातार चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।