कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल झमनानी के मार्गदर्शन में आज पुष्य नक्षत्र पर बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवाड़ी एवं पृथ्वीपुर में शिविर लगाकर बच्चों को सुवर्णप्राशन औषधि का सेवन कराया गया।

सुवर्णप्राशन के लाभ : आयुर्वेद का सुरक्षा कवच

सुवर्णप्राशन बच्चों के लिए एक प्राकृतिक इम्युनिटी बूस्टर की तरह कार्य करता है। यह कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार लाता है। बच्चों की इम्युनिटी (Immunity) बढ़ाकर उन्हें मौसमी बीमारियों से बचाता है। यह बच्चों की एकाग्रता, बुद्धि और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में कारगर है। यह दवा महीने में एक बार (पुष्य नक्षत्र पर) दी जाती है। इसमें 1 वर्ष तक के बच्चों को 1 बूंद और 2 वर्ष या उससे अधिक आयु के बच्चों को 2 बूंद दवा पिलाई जाती है। जिला प्रशासन ने अपील की है कि अधिक से अधिक अभिभावक अपने बच्चों को सुवर्णप्राशन औषधि का सेवन कराएं ताकि एक स्वस्थ और सशक्त पीढ़ी का निर्माण हो सके।

इस अवसर पर बीएमओ डॉ. आरसी मलारया एवं बीएमओ पृथ्वीपुर डॉ. गजेंद्र निरंजन, आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशल किशोर प्रजापति, डॉ. जितेन्द्र यादव एवं डॉ. रूपमाला भारती द्वारा बच्चों को सुवर्णप्राशन की दवा पिलाई गई। इस दौरान चिकित्सा अधिकारियों ने उपस्थित अभिभावकों को सुवर्णप्राशन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।