रायसेन जिला अस्पताल में प्रसूता के इलाज में लापरवाही का मामला सामने आया है। प्रसूता के पति ने अस्पताल की स्टाफ नर्स और अन्य कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कलेक्टर, एसपी और सिविल सर्जन को लिखित शिकायत दी है।
ग्राम बडोदा निवासी अभिषेक जाटव (24) ने बताया कि शनिवार रात करीब 9 बजे वह अपनी पत्नी वंदना जाटव को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल लाए थे। अभिषेक का आरोप है कि रात 9 बजे से लेकर रात 3 बजे तक उनकी पत्नी दर्द से तड़पती रही। इस दौरान अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, केवल एक स्टाफ नर्स और दो सफाई कर्मचारी ही थे।
नर्स पर पत्नी से मारपीट का आरोप
अभिषेक ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी दर्द से चिल्ला रही थी और उन्होंने ऑपरेशन करने का अनुरोध किया। हालांकि, स्टाफ नर्स ने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह ऑपरेशन नहीं कर सकती और इसकी जिम्मेदारी नहीं लेगी। अभिषेक का यह भी आरोप है कि इसी दौरान नर्स ने उनकी पत्नी के साथ मारपीट की, जबकि सफाई कर्मचारियों ने उनके साथ बदतमीजी की।
भोपाल ले जाने के लिए कहा गया
पीड़ित पति के अनुसार, जब बच्चे का सिर आधा बाहर आ गया था, तब भी कोई इलाज नहीं किया गया और उन्हें भोपाल ले जाने के लिए कहा गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए अभिषेक अपनी पत्नी को रात में ही शहर के शीला देवी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने सामान्य डिलीवरी कराई, जिससे जच्चा-बच्चा दोनों की जान बच गई।

Continue With Google
Comments (0)