नर्मदापुरम
जनकल्याण शिविर बना समाधान का मंच, मौके पर हुआ समस्याओं का निराकरण
पलिया पिपरिया (बनखेड़ी)। जनपद पंचायत बनखेड़ी के खेल मैदान परिसर, पलिया पिपरिया में गुरुवार को आयोजित जनकल्याण शिविर में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी शिकायतें एवं आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि जनकल्याण शिविरों का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान शिविर स्थल पर ही सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र हितग्राही बिना समाधान के वापस न जाए।
शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, एनआरएलएम, उद्यानिकी, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, महिला एवं बाल विकास, ऊर्जा तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जुड़ी समस्याओं का निराकरण किया गया।
इस दौरान विभिन्न हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। कक्षा 9वीं के छात्र सुमित यादव एवं छात्रा रागिनी को साइकिलें वितरित की गईं। पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, सहायता राशि के चेक एवं स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।
प्रसूता सहायता योजना, आयुष्मान भारत योजना, संबल योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया। वहीं शासकीय प्राथमिक शाला पीपरपानी के विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें भी प्रदान की गईं।
शिविर में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, तहसीलदार अंजू लोधी, जनपद पंचायत सीईओ रीना कुमरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Continue With Google
Comments (0)