आजादी के बाद भी गांव के घर नहीं हो पाए बिजली से रोशन- राजपुर क्षेत्र के ग्राम बागदर के ग्रामीणों ने सौंपे ज्ञापन

बड़वानी :-राजपुर क्षेत्र के ग्राम बागदर (सत्सरिया फलिया) के ग्रामीणों ने घरेलू बिजली कनेक्शन की मांग को लेकर सोमवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आजादी के इतने वर्षों बाद भी कई परिवारों को अब तक बिजली कनेक्शन नहीं मिल पाया है। जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में  ग्रामीणों ने राजपुर में विद्युत कंपनी के कनिष्ठ यंत्री दीपेंद्र माली और तहसीलदार गणपत सिंह डावर को ज्ञापन सौंपे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कुछ स्थानों पर बिजली लाइन तो पहुंच चुकी है, लेकिन करीब 25 से 30 परिवार आज भी अंधेरे में जीवन यापन कर रहे हैं। बिजली नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं रात के समय जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है। इस संबंध में भारतीय किसान संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष मंशाराम पंचोले के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की। साथ ही कनिष्ठ यंत्री को भी ज्ञापन देकर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की अपील की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन अवसर पर किसान अंगास सिसोदिया, अनार सिंह सिसोदिया, पूनमचंद जबर सिंह, दिलीप जग्गू, गोभाराम सिसोदिया आदि ग्रामीण मौजूद रहे।