ग्राम सागाखेड़ा खुर्द में ‘रेवा सेवा समागम’ का शुभारंभ, नर्मदा तट पर श्रमदान और जन-जागरूकता का संदेश
नर्मदापुरम/01 मई 2026/ मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नर्मदा नदी को अविरल एवं निर्मल बनाए रखने हेतु ‘रेवा सेवा समागम’ कार्यक्रम का शुभारंभ बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर ग्राम सागाखेड़ा खुर्द, विकासखंड माखननगर में किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन नवांकुर संस्था साथी सामाजिक सेवा समिति एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सागाखेड़ा खुर्द द्वारा जिला समन्वयक पवन सहगल एवं विकासखंड समन्वयक नरेंद्र देशमुख के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में श्रमदान किया गया, जिसमें नवांकुर संस्था, प्रस्फुटन समिति के सदस्यों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मां नर्मदा के तट की साफ-सफाई की।
द्वितीय चरण में मां नर्मदा का पूजन एवं आरती की गई। आरती उपरांत श्रद्धालुओं ने नर्मदा तट पर बैठकर अपनी आस्था एवं अनुभूति व्यक्त की। इसके पश्चात घाट चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें परामर्शदाता राकेश कीर ने जैविक खेती के माध्यम से जल स्तर एवं गुणवत्ता सुधार के उपाय बताए।
वहीं नवांकुर संस्था के नीरज चतुर्वेदी ने नर्मदा परिक्रमा वासियों की समस्याओं को समझने एवं उनके समाधान हेतु सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। साथ ही नर्मदा तट की स्वच्छता एवं जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में गिरधारी लाल सिंह, करतार सिंह, बृजेश ठाकुर, अर्जुन सिंह, राहुल शुक्ला, इंदल, गोपाल मेहरा, सीताराम मालवीय, राजू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। अंत में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के दिनेश राजपूत द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

Continue With Google
Comments (0)