मानवाधिकार आयोग अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह टीकमगढ़ पहुंचे, कल कलेक्ट्रेट में करेंगे जनसुनवाई
शोषित वर्ग की समस्याओं का निवारण ही मेरा लक्ष्य
मध्यप्रदेश मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह रविवार को टीकमगढ़ पहुंचे। वे सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई करेंगे, जिसका मुख्य उद्देश्य शोषित और पीड़ित वर्ग की समस्याओं का समाधान करना है।
टीकमगढ़ पहुंचने पर डॉ. सिंह ने सर्किट हाउस में कलेक्टर, एसपी सहित स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि जन समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय में सुनवाई कार्यक्रम रखा गया है।
डॉ. अवधेश प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि कई बार लोगों की समस्याओं का समाधान शासन या प्रशासन स्तर पर नहीं हो पाता है। ऐसे पीड़ित और शोषित वर्ग की समस्याओं के निवारण के लिए ही मानवाधिकार आयोग का गठन किया गया है।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर, एसपी, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहेंगे। जो समस्याएं स्थानीय स्तर पर हल की जा सकेंगी, उनका मौके पर ही समाधान किया जाएगा। जिन समस्याओं के लिए शासन स्तर पर कार्रवाई की आवश्यकता होगी, उन्हें भोपाल तक पहुंचाया जाएगा।
डॉ. अवधेश प्रताप सिंह मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व प्रमुख सचिव रह चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें मध्य प्रदेश मानवाधिकार आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वे टीकमगढ़ जिले के जेर गांव के मूल निवासी हैं। उनके पिता अखंड प्रताप सिंह यादव भी टीकमगढ़ से विधायक और पूर्व मंत्री रह चुके हैं। उनके आगमन की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग उनसे मिलने पहुंचे। लोगों ने उन्हें गुलाब भेंट कर रंग पंचमी पर्व की शुभकामनाएं दीं।

Continue With Google
Comments (0)