टीकमगढ़ में गेहूं की खड़ी फसल में लगी आग, बिजली के तार से निकली चिंगारी हुआ हादसा।
4 किसानों की 5 एकड़ की उपज खाक
टीकमगढ़ के मऊघाट गांव में रविवार को गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा खेत के ऊपर से निकली 11 केवी बिजली की लाइन से उठी चिंगारी की वजह से हुआ। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और चार किसानों की मेहनत की कमाई जलकर राख हो गई।
किसान पुनिया बाई ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे अचानक बिजली के तारों से चिंगारी गिरी और फसल ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते करीब 5 एकड़ की फसल इसकी चपेट में आ गई।
किसानों ने खुद भी आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को फोन किया। करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
चार किसानों का भारी नुकसान
इस हादसे में किसान सीताराम पुनिया बाई, हरिराम कुशवाहा, खुमान कुशवाहा और बाबूलाल अहिरवार के खेतों में लगी फसल पूरी तरह जल गई है। आग बुझने के बाद खेत में सिर्फ राख ही बची थी, जिससे किसानों का बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
इस दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब पुनिया बाई फसल जलने पर पुलिसकर्मी से लिपटकर रोने लगीं।
प्रशासन ने दिए मुआवजे के निर्देश
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने तहसीलदार को मौके पर जाकर जांच करने और केस तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने आश्वासन दिया है कि सरकारी नियमों के तहत प्रभावित किसानों को जल्द ही मुआवजा राशि दिलाने का प्रस्ताव बनाया जाएगा।

Continue With Google
Comments (0)