नशा मुक्ति अभियान 2.0: ट्रैफिक पुलिस ने स्कूली बच्चों को किया जागरूक, 65 स्कूल वाहनों की जांच में 39 पर कार्रवाई
रिपोर्टर: मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर | 17 जुलाई 2026
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान 2.0 के तहत शुक्रवार को यातायात पुलिस आलीराजपुर ने जिला मुख्यालय स्थित सहायक आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में स्कूली विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड एवं एनसीसी कैडेट्स को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में यातायात थाना प्रभारी अर्जुन सिंह वास्केल ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, समाज और आर्थिक स्थिति पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने बच्चों से अपने परिवार, गांव, मोहल्ले और रिश्तेदारों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की भी विस्तृत जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों और उनसे बचाव के उपाय बताते हुए सभी उपस्थित विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई।
वहीं, PTRI द्वारा संचालित स्कूल बस चेकिंग अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में संचालित 65 स्कूली वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 39 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 21,300 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
यातायात प्रभारी अर्जुन सिंह वास्केल ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को केवल सुरक्षित और नियमों का पालन करने वाले स्कूली वाहनों में ही भेजें तथा यह सुनिश्चित करें कि वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे सवार न हों।
यातायात पुलिस ने संदेश दिया कि नशा मुक्त समाज और सुरक्षित यातायात, दोनों की शुरुआत जागरूक नागरिकों से होती है।
Continue With Google
Comments (0)