मां ताप्ती जन्मोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर नगर पालिका में हुई महत्वपूर्ण बैठक का हुआ आयोजन
विद्यार्थियों की सहभागिता पर दिया गया विशेष जोर.
मुलताई, 13 जुलाई 2026। नगर पालिका परिषद मुलताई के सभा कक्ष में सोमवार को माननीय अध्यक्ष श्रीमती नीतू प्रहलाद सिंह परमार की अध्यक्षता में मां ताप्ती जन्मोत्सव-2026 के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर क्षेत्र के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं शाला प्रमुखों को आमंत्रित किया गया।
बैठक में मां ताप्ती जन्मोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई। अध्यक्ष श्रीमती नीतू प्रहलाद सिंह परमार ने सभी शाला प्रमुखों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित कर जन्मोत्सव को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की भागीदारी से न केवल आयोजन की गरिमा बढ़ेगी, बल्कि युवा पीढ़ी को मां ताप्ती के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी भी प्राप्त होगी।
बैठक में निबंध प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, 'मां ताप्ती बनो' प्रतियोगिता, आरती थाल सजाओ प्रतियोगिता तथा जनजागरण रैली सहित विभिन्न कार्यक्रमों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शामिल करने की रणनीति तैयार की गई। सभी विद्यालयों से इन प्रतियोगिताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर विद्यार्थियों को उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया।
बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं, प्रतियोगिताओं के सफल संचालन, अनुशासन, सुरक्षा तथा समन्वय सहित विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मां ताप्ती जन्मोत्सव-2026 को नगर का गौरवपूर्ण एवं यादगार आयोजन बनाने के लिए सामूहिक सहयोग का संकल्प लिया।
बैठक में सभापति एवं पार्षदगण श्री जी. ए. बारस्कर, श्रीमती शिल्पा मनीष शर्मा, श्रीमती वर्षा गड़ेकर, श्री सुरेश पौनीकर, श्री अजय यादव, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) श्री वीरेन्द्र तिवारी तथा नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)