कोतवाली पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्ट्री मामले में फरार आरोपी को किया गिरफ्तार
खंडवा। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी मात्रा में बारूद और अवैध पटाखा फैक्ट्री पकड़े जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी इमरान प्रियानि को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को डिमांड पर लिया है और अब उससे गहन पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी किस तरह अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री का संचालन कर रहा था, इसमें और कौन-कौन शामिल था तथा बारूद की सप्लाई कहां से की जा रही थी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया, जिसके पश्चात उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है