नर्मदा तट पर अवैध रेत उत्खनन का आरोप, ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बुधनी
नर्मदा नदी में हो रहे अवैध रेत उत्खनन को लेकर ग्राम जहाजपुरा सहित आसपास के ग्रामीण बुधनी एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसडीएम दिनेश तोमर को ज्ञापन सौंपकर शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीण उमेश शर्मा, पं. राधेश्याम शर्मा, सुश्री बबीता, मोतीलाल शर्मा, आकाश कोर, भरतीय खैरा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि तहसील रैहटी के ग्राम जहाजपुरा घाट पर मां नर्मदा नदी से पोखलेंन मशीनों के जरिए देर रात रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार रात के अंधेरे का फायदा उठाकर भारी मशीनों से लगातार रेत निकाली जा रही है, जिससे नर्मदा नदी के जलस्तर में गिरावट आ रही है और नदी के प्राकृतिक स्वरूप के साथ छेड़छाड़ हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रेत निकालने में लगे लोग गांव के लोगों से अच्छा व्यवहार नहीं करते, जिससे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
ज्ञापन में आगे उल्लेख किया गया है कि भारी मशीनों से किए जा रहे उत्खनन के कारण नर्मदा नदी का जल प्रदूषित हो रहा है, जिसका असर पर्यावरण के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका पर भी पड़ रहा है। अवैध उत्खनन से शासन को राजस्व की भी भारी क्षति हो रही है।
अंत में ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Continue With Google
Comments (0)