खमरिया कला में औषधि खेती को बढ़ावा देने की पहल, 85 वर्षीय बुजुर्ग से मिले सरपंच राम सिंह बागरी

सतना। ग्राम पंचायत रजरवारा अंतर्गत खमरिया कला में सरपंच राम सिंह बागरी ने 85 वर्षीय श्री रघुवीर प्रसाद से उनके निवास पर पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गांव के विकास और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

श्री रघुवीर प्रसाद ने अपने लंबे जीवन अनुभव साझा करते हुए औषधि खेती के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कई ऐसे औषधीय पौधे उगाए जा सकते हैं, जो मानव जीवन के लिए उपयोगी हैं और किसानों की आय बढ़ाने में सहायक साबित हो सकते हैं। उन्होंने स्थानीय स्तर पर औषधीय फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर समित लाल बागरी ने भी किसानों को औषधि खेती के लिए प्रेरित किया। सरपंच संघ अध्यक्ष रैगांव विधानसभा राम सिंह बागरी ने माननीय मंत्री प्रतिमा बागरी, माननीय सांसद एवं माननीय कलेक्टर महोदय से विनम्र निवेदन किया कि क्षेत्र में औषधि खेती को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया जाए।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के रतलाम और नीमच में औषधि खेती की मंडियां लगती हैं, जहां किसान औषधीय फसलों से अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं। यदि सतना जिले में भी इस दिशा में ठोस पहल की जाए तो रैगांव विधानसभा सहित पूरे जिले के किसानों को लाभ मिल सकता है।

ग्रामीणों ने भी औषधि खेती को लेकर उत्साह जताया और शासन-प्रशासन से ठोस योजना बनाकर सहयोग देने की मांग की है।