*व्यापार महासंघ महानीम चौराहा के व्यापारियों ने विभिन्न समस्याओं की माँगो को लेकर अनुविभागीय अधिकारी को सौंपा ज्ञापन*
**व्यापार महासंघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, अलग बिजली फीडर, स्पीड ब्रेकर और संकेतक लगाने सहित चार मांगें उठाईं**
**शमशाबाद।** महानीम चौराहे पर बिजली कटौती और तेज रफ्तार वाहनों की समस्या को लेकर व्यापारियों ने प्रशासन से राहत मांगी है। व्यापार महासंघ महानीम चौराहा के व्यापारियों ने अनुविभागीय अधिकारी अजय पाठक को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की चार प्रमुख समस्याओं के निराकरण की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि महानीम चौराहा शमशाबाद तहसील का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, लेकिन बिजली व्यवस्था में परेशानी और सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण व्यापारियों, श्रद्धालुओं और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
महासंघ के अध्यक्ष चैनसिंह मीणा सहित व्यापारियों ने ज्ञापन में बताया कि नवरात्र के दौरान महानीम पर माता रानी की अनेक झांकियां सजाई गई हैं। रात में आरती के समय बिजली कटौती होने से श्रद्धालुओं और आयोजन समितियों को परेशानी होती है। वहीं, शमशाबाद रोड पर तेज रफ्तार से निकलने वाले वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
### ज्ञापन में रखीं चार प्रमुख मांगें
**1. ग्रामीण फीडर से अलग हो बिजली व्यवस्था:** महानीम चौराहे की विद्युत व्यवस्था वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्र के फीडर से संचालित होती है। महासंघ ने चौराहे की बिजली व्यवस्था को ग्रामीण फीडर से अलग करने की मांग की है, ताकि आपूर्ति में सुधार हो और कटौती की समस्या से राहत मिले।
**2. महानीम चौराहे से शमशाबाद रोड पर बने स्पीड ब्रेकर:** व्यापारियों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 50 बसों के साथ अन्य वाहन गुजरते हैं। तेज रफ्तार के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। महासंघ ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
**3. बिना सूचना बिजली कटौती पर लगे रोक:** व्यापारियों ने बिजली कटौती बंद करने व विजली व्यवस्था दुरुस्त की बात कही एवं नवरात्र में आरती के समय बिजली गुल होने से धार्मिक आयोजन भी प्रभावित होते हैं। महासंघ ने बिजली कटौती की समस्या दूर करने और आपूर्ति सुचारु रखने की मांग की है।
**4. गति अवरोधक के संकेतक लगाए जाएं:** महासंघ ने महानीम चौराहे से शमशाबाद रोड पर गति अवरोधक के संकेतक चिह्न लगाने की मांग की है, ताकि वाहन चालकों को पहले से स्पीड ब्रेकर की जानकारी मिल सके और वे वाहनों की गति नियंत्रित कर सकें।
### व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन
व्यापार महासंघ ने प्रशासन से चारों मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। व्यापारियों का कहना है कि बिजली व्यवस्था में सुधार और सड़क सुरक्षा के इंतजाम क्षेत्र के लिए जरूरी हैं। ज्ञापन पर महासंघ के अध्यक्ष चैनसिंह मीणा, महामंत्री सचिव धाकड़ सहित व्यापारियों ने हस्ताक्षर किए।
**ये व्यापारी रहे मौजूद:** ज्ञापन सौंपने के दौरान सचिन धाकड़, अमित साहू, राघवेंद्र गुर्जर, विक्की आर्य,रामबाबू धाकड़, जतिन धाकड़, चेतन धाकड़, मोहित धाकड़, सुदीप धाकड़, अनुज धाकड़, सुजल धाकड़, समर धाकड़ और अतुल धाकड़ सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
Continue With Google