अखण्ड यादव

बल्देवगढ़। जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कछियाखेरा के सरपंच बल्देव प्रसाद कुशवाहा पर बिना विभागीय स्वीकृति वन भूमि में चेकडैम की मरम्मत कराने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है और जनपद पंचायत को भुगतान पर रोक लगाने के लिए पत्राचार किया गया है।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अहार बीट अंतर्गत वन कक्ष क्रमांक आरएफ-99 (नया कक्ष 444, प-361) में स्थित चेकडैम की मरम्मत सरपंच के कहने पर कराई जा रही थी। वन रक्षक घनेन्द्र प्रताप खरे द्वारा भ्रमण के दौरान मौके पर पहुंचने पर निर्माण कार्य होते पाया गया। पूछताछ के दौरान सरपंच द्वारा कार्य की स्वीकृति से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

बताया गया कि जब वन रक्षक ने अवैध निर्माण को लेकर सवाल किया तो सरपंच ने जवाब देने से बचते हुए मौके से दूरी बना ली। इसके बाद ग्राम वन समिति के सदस्यों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया और मौके से निर्माण सामग्री जप्त की गई।

वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 468/3 दिनांक 4 फरवरी 2026 को दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। साथ ही जनपद पंचायत बल्देवगढ़ से अवैध मरम्मत कार्य की राशि के आहरण पर रोक लगाने की मांग की गई है।

वन विभाग का स्पष्ट कहना है कि वन भूमि पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य कानूनन अपराध है और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।