देशी पिस्टल बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था आरोपी, घेराबंदी कर पकड़ा- सेंधवा पुलिस की कार्रवाई, आरोपी से 2 देशी पिस्टल बरामद
बड़वानी :-एसपी, एएसपी व एसडीओपी के निर्देशन में सेंधवा शहर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक आरोपी को धरदबोचा। उसके कब्जे से 2 देशी पिस्टल जब्त की। पुलिस के अनुसार सोमवार शाम मुखबिर की सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पुराने बस स्टैंड स्थित अपनी मोबाइल दुकान पर अवैध हथियार बेचने के उद्देश्य से ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उक्त स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही रॉकी उर्फ बबन पिता कन्हैयालाल सोनी निवासी श्यामदास कॉलोनी सेंधवा को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2 अवैध देशी पिस्टल (कीमत 60 हजार रुपए) बरामद की। आरोपी के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया। कार्रवाई में सेंधवा थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह, उप निरीक्षक संतोष पाटीदार, सहायक उप निरीक्षक कमलेश सावनेर, संजय पाटीदार, आरक्षक श्यामगुण मिश्रा, रेवाराम अछाले का सहयोग रहा। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह उक्त हथियार कहां से लाया था और इन्हें किसे सप्लाई करने वाला था। प्रकरण में अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच की जा रही है। एसपी पद्म विलोचन शुक्ल ने कहा कि अवैध गतिविधियों और अपराधियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव सख्त कदम उठाए जाएंगे।
*इधर... गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर 2 पिस्टल जब्त*
बड़वानी। जिले की निवाली पुलिस ने दो दिन पूर्व आरोपी कृपालसिंह पिता कैलाश टकराना निवासी उंडी खोदरी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5 नग हस्तनिर्मित पिस्टल और बिना नंबर की बुलेट बाइक सहित 2.5 लाख रुपए की सामग्री व एक बैग व मोबाइल जब्त किया था। इसम ामले में पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा अवैध हथियार औरपिस्टल निर्माण सामग्री छिपाकर रखने की जानकारी दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोमवार को 2 नग अतिरिक्त हस्तनिर्मित पिस्टल और पिस्टल निर्माण सामग्री (कुल कीमत 40 हजार) जब्त की। इस तरह उक्त कार्रवाई में कुल जब्त सामग्री में 7 नग अवैध देशी पिस्टल, पिस्टल निर्माण सामग्री, 1 मोबाइल, 1 बिना नंबर की बाइक सहित 3 लाख 65 हजार 200 रुपए की सामग्री जब्त की गई है।

Continue With Google
Comments (0)