छत गिरने से पुत्र की मौत,पिता घायल, सागर रेफर
गढ़ाकोटा । सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भाटोली कुमेरिया में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां घर की छत गिरने से 14 वर्षीय बालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार भटोली कुमेरिया ग्राम निवासी गोविंद लडियां अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। सुबह लगभग 7 बजे अचानक मकान की छत की सीलिंग भरभराकर गिर गई,जिसकी चपेट में आकर उनका 14 वर्षीय पुत्र केशव लडियां और स्वयं गोविंद लडियां घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंच गए।
ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल गढ़ाकोटा के सिविल अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद केशव लडियां को मृत घोषित कर दिया। वहीं,गोविंद लडियां की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार,एक दिन पहले हुई बारिश के कारण मकान की छत में पानी भर गया था, जिससे सीलिंग कमजोर हो गई और सुबह यह हादसा हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा भी स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।

Continue With Google
Comments (0)