आलोट। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित सेफ क्लिक 2.0 साइबर अपराध जागरूकता अभियान के अंतर्गत थाना बरखेड़ा कला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक रतलाम एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम के निर्देशन तथा एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं नागरिकों को साइबर अपराध, साइबर सुरक्षा तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। एसडीओपी पल्लवी गौर ने लोगों को समझाइश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपना OTP किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा किसी अनजान लिंक अथवा APK फाइल पर क्लिक करने से बचें, क्योंकि इससे साइबर ठगी की संभावना बढ़ जाती है।

उन्होंने ऑनलाइन लेनदेन एवं सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए साइबर अपराध से बचाव के आसान उपाय बताए। साथ ही उपस्थित लोगों को साइबर जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।

इसी अवसर पर सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात नियमों के पालन, वाहन दुर्घटनाओं से बचाव, हेलमेट के अनिवार्य उपयोग एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियां भी प्रदान की गईं। एसडीओपी पल्लवी गौर ने नागरिकों से सुरक्षित यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।