ब्राह्मण समाज ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों पर कार्रवाई की मांग*

रीवा। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज, मध्यप्रदेश के पदाधिकारियों ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक रीवा को ज्ञापन सौंपकर सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज एवं पुलिस विभाग के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो और अभद्र टिप्पणियां करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रदेश सचिव युवा मोर्चा पं. सतीश चौबे द्वारा दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सोहागी थाना क्षेत्र के ग्राम ककरहा चौकी सोनौरी निवासी एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर ब्राह्मण समाज, महिलाओं तथा पुलिस विभाग के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा जान से मारने की धमकी देने जैसी बातें भी वीडियो में कही गई हैं, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है।
ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जाए तथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं और समाज में वैमनस्य फैलाने का कार्य करती हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई होने से समाज में कानून के प्रति विश्वास मजबूत होगा और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
इस दौरान समाज के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।