जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाला आरोपी गिरफ्तार

 

गढ़ाकोटा। सागर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़ाकोटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विकास साहवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में जिले भर में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गढ़ाकोटा थाना पुलिस सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही है।

बताया गया है कि थाना गढ़ाकोटा क्षेत्र के टैगोर वार्ड निवासी दानिश खान (21 वर्ष), पिता इस्लाम खान को जिला दण्डाधिकारी सागर द्वारा 6 माह के लिए सागर जिले एवं उससे लगे आसपास के जिलों की सीमाओं से निष्कासित (जिला बदर) किया गया था। इसके बावजूद आरोपी ने आदेश का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित अवधि में गढ़ाकोटा क्षेत्र में प्रवेश कर लिया।

दिनांक 15 अप्रैल 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) एवं मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शिवम दुबे के नेतृत्व में सउनि संजय मिश्रा, प्रधान आरक्षक राजेश पाण्डे, आरक्षक कौस्तुभ मणि पाठक, प्रमोद सोयाम, खिलान, अमित शुक्ला, राहुल राय एवं संतोष की अहम भूमिका रही।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।