आलोट। अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रभावी कार्रवाई की है। दिनांक 13 मार्च 2026 को आलोट-बड़ोद रोड स्थित कुबेरेश्वर धाम के समीप अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन करते हुए एक ट्रक पकड़ा गया।
जांच के दौरान ट्रक चालक मलिक सुलेमान पिता सत्तार भाई, निवासी दाहोद (गुजरात) द्वारा लकड़ी परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर पुलिस थाना आलोट की सुपुर्दगी में दिया गया।
कार्यवाही के दौरान ही एक बिना नंबर का ट्रैक्टर-ट्रॉली भी अवैध हरी लकड़ियों का परिवहन करते हुए पाया गया, जिसे जप्त कर आलोट थाना परिसर में खड़ा करवाया गया।
मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) श्रीमती रचना शर्मा ने वन विभाग से जब्त लकड़ी का मूल्यांकन कराया। मूल्यांकन उपरांत आरोपी पर ₹50,000 का अर्थदंड आरोपित किया गया। साथ ही जब्त लकड़ी की सार्वजनिक नीलामी कर उससे प्राप्त राशि शासन के खजाने में जमा कराने के निर्देश भी जारी किए गए।
एसडीएम श्रीमती रचना शर्मा की त्वरित, सख्त और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन करने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई की आमजन द्वारा सराहना की जा रही है और इसे अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।

Continue With Google
Comments (0)