रीवा कलेक्ट्रेट में वायरल रील पर प्रशासन का सख्त रुख, जांच के आदेश जारी

रीवा: मोहन सभागार में सोशल मीडिया रील बनाकर पोस्ट करना एक युवती को महंगा पड़ सकता है। कलेक्टर और अपर कलेक्टर की कुर्सियों के बीच खड़े होकर बनाई गई रील के वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने इस पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच की जाएगी कि युवती कलेक्ट्रेट में किस उद्देश्य से आई थी और उसे मोहन सभागार तक पहुंच कैसे मिली। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, युवती ने कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में वीडियो शूट किया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वायरल रील में वह कलेक्टर और अपर कलेक्टर के स्थान के बीच खड़ी दिखाई दे रही है, जबकि बैकग्राउंड में एक फिल्मी गाना बज रहा है।

यह मामला शासकीय कार्यालय की मर्यादा से जुड़ा होने के कारण प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी कार्यालयों की प्रतिष्ठा बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, और ऐसे किसी भी उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस घटना ने न केवल प्रशासनिक मर्यादा पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि इसने सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोल दी है। जांच की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी, और संबंधित पक्षों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।