नागपुर रोड पर VIP स्कूल के पास दर्दनाक हादसा: ट्रक से टकराई स्कूटी, दो युवकों की हुई मौत

मुलताई। नागपुर रोड पर थावरिया नाला vip स्कूल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेडी देवगांव निवासी बारीक उर्फ हेमरज धुर्वे (18) मुलताई के एक रेस्टोरेंट में काम करता था। शुक्रवार 15 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि वह अपने दोस्त सुखदेव कहार के साथ स्कूटी से मुलताई से घर लौट रहा है। रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि थावरिया नाला, नागपुर रोड के पास ट्रक (क्रमांक RJ-14 GE 0676) से उनकी स्कूटी का एक्सीडेंट हो गया है। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे से आ रही स्कूटी ट्रक से जा टकराई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल मुलताई में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुखदेव कहार को मृत घोषित कर दिया, जबकि हेमराज धुर्वे के सिर, जांघ, पेट और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं। परिजन हेमराज को बेहतर इलाज के लिए एम्बुलेंस से नागपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में मल्हारा पंखा के पास उसकी भी मौत हो गई। मृतक हेमराज के पिता ने ट्रक चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से गांव और परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।