त्यौंथर में नाबालिग छात्रा के अपहरण का आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर परिजन पहुंचे एसपी कार्यालय

जनेह पुलिस पर लापरवाही का आरोप, गांव के युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत

रीवा। जिले के जनेह थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और छात्रा की जल्द बरामदगी के साथ आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मामला जनेह थाना क्षेत्र के चौखड़ा गांव का है। परिजनों के अनुसार, 19 जून की रात छात्रा घर में पढ़ाई कर रही थी, लेकिन अगली सुबह वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता मिली। परिवार का आरोप है कि गांव का ही विवेक सिंह उर्फ पृथ्वीपाल सिंह कई महीनों से छात्रा का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। कई बार समझाइश देने के बावजूद उसकी हरकतें नहीं रुकीं।
परिजनों का कहना है कि उन्होंने घटना की सूचना जनेह थाने में दी, जिस पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया। परिवार का दावा है कि छात्रा आरोपी युवक के संपर्क में थी और उसी के साथ गई है। उनका आरोप है कि पुलिस ने आरोपी से पूछताछ तो की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और न ही छात्रा का पता लगाया जा सका।
पीड़ित परिवार ने जनेह पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि थाना स्तर पर सुनवाई नहीं होने के कारण उन्हें न्याय की उम्मीद में पुलिस अधीक्षक कार्यालय आना पड़ा। उन्होंने एसपी से मांग की है कि छात्रा की शीघ्र बरामदगी कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।