टीकमगढ़ के ग्राम पंचायत मोहनगढ़ में एक पंचायत सचिव के साथ हुई मारपीट के विरोध में सचिव संघ के सदस्य गुरुवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए एसपी के नाम एक ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर गिरफ्तारी नहीं हुई तो संघ हड़ताल करेगा। सचिव संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अवधेश यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत मोहनगढ़ के सचिव जयराम सेन के साथ 14 जनवरी को मोहनगढ़ से लौटते समय अज्ञात व्यक्तियों ने रास्ते में मारपीट की थी। इस घटना के बाद पीड़ित सचिव ने मोहनगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। यादव के अनुसार, शिकायत दर्ज होने के बावजूद मोहनगढ़ पुलिस ने आज तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। इससे सभी सचिवों में भय का माहौल है। संघ ने एसपी मनोहर मंडलोई से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। सचिव संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अगले सात दिनों के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो संगठन हड़ताल और धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होगा। दरअसल, मारपीट की घटना के बाद सचिव जयराम सेन ने मोहनगढ़ के भाजपा नेता अंशुल खटीक सहित अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया था। हालांकि, पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे सचिव संघ में गहरी नाराजगी है।

Continue With Google
Comments (0)