दीपावली मनाने घर जा रहा परिवार हादसे का शिकार, पुलिया से नीचे गिरी कार

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कार दुर्घटनाग्रस्त, दंपती और दो बच्चे गंभीर घायल; कार से मिले 75 लाख रुपए नकद और आभूषण पुलिस ने कब्जे में लिए

रतलाम। दीपावली का त्योहार मनाने गुजरात के वापी से राजस्थान के गंगानगर जा रहा एक परिवार गुरुवार शाम दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गया। ग्राम निमन नगदी के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। दुर्घटना में कार सवार दंपती और उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार प्रवीण पिता पूंजीलाल (40), पत्नी संतोष और बेटे आदित्य (10) व अथर्व (8) कार में सवार होकर वापी से गंगानगर जा रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर ग्राम निमन नगदी के समीप कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से चारों घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर सरसी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची।

कार में मिले 75 लाख रुपए नकद और आभूषण

हादसे के बाद पुलिस ने कार में रखे सामान की जांच की तो उसमें से करीब 75 लाख रुपए नकद और आभूषण मिले। पुलिस ने नकदी और आभूषण सहित अन्य सामान को अपनी अभिरक्षा में ले लिया है। फिलहाल चारों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।